MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर तेज करवट ले ली है और प्रदेश अब भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। पिछले कुछ दिनों तक जहां आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को राहत दी थी, वहीं अब तापमान में तेज बढ़ोतरी ने हालात को मुश्किल बना दिया है। खासकर मालवा-निमाड़ क्षेत्र में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग ने इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम के लिए गुरुवार को तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के बड़े हिस्से में हीटवेव का असर जारी रहेगा। इंदौर, उज्जैन और धार जैसे शहरों में “वॉर्म नाइट” की स्थिति भी बनी हुई है, जहां रात के समय भी तापमान में कोई खास गिरावट नहीं हो रही है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
प्रदेश के कई जिलों में झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, देवास, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भी लू का प्रभाव लगातार बना हुआ है। वहीं भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर समेत अन्य जिलों में भी तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिनमें शाजापुर, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं।
बीते दिन प्रदेश में तापमान ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। खजुराहो में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। रतलाम में 45.2 डिग्री और धार में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। उज्जैन में 44.7 डिग्री, इंदौर में 43.6 डिग्री, भोपाल में 43.2 डिग्री, जबलपुर में 42.7 डिग्री और ग्वालियर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
हालांकि भीषण गर्मी के बीच कुछ इलाकों में हल्की राहत भी देखने को मिली। जबलपुर और सिवनी में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पांढुर्णा में ओलावृष्टि हुई। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 17 मई तक प्रदेश में लू का असर जारी रहने की संभावना है और इंदौर व उज्जैन संभाग में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी रह सकती है।
मई महीने में अब तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जहां पश्चिमी विक्षोभ, ट्रफ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के कारण शुरुआत में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। लेकिन अब मौसम पूरी तरह शुष्क हो चुका है और तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
