लखनऊ: राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में एक हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। कुर्सी रोड स्थित सुलभ आवास के एक फ्लैट में पंचायत सचिव को उसकी पत्नी ने दूसरी महिला के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया। पति को किसी अन्य महिला के साथ देखते ही पत्नी का गुस्सा भड़क उठा, जिसके बाद उसने महिला को 5 थप्पड़ जड़ दिए और पति के चेहरे पर जूतियों से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह मामला माल विकासखंड की ग्राम पंचायत में तैनात सचिव अल्सफ बेग से जुड़ा है। अतरौली निवासी उनकी पत्नी सबा को सूचना मिली थी कि अल्सफ कुर्सी रोड स्थित फ्लैट में एक महिला के साथ मौजूद है। जानकारी मिलते ही सबा तुरंत मौके पर पहुंचीं और दोनों को साथ पकड़ लिया। इसके बाद फ्लैट के अंदर काफी देर तक चीख-पुकार और मारपीट होती रही। घटना की सूचना मिलने पर यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। गुडंबा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के मुताबिक, पत्नी की तहरीर पर मामले को मेडिएशन के लिए भेजा गया है, जबकि सचिव अल्सफ बेग के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पीड़िता सबा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। सबा के अनुसार, उनका निकाह 9 जून 2021 को अल्सफ बेग के साथ हुआ था और उनकी एक ढाई साल की बेटी भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही अल्सफ का चाल-चलन ठीक नहीं था, जिसके कारण उसके घरवालों ने भी उसे बेदखल कर दिया था। इसके बाद से दोनों किराए के मकान में रह रहे थे।
सबा का दावा है कि अल्सफ शराब और ड्रग्स के नशे का आदी है और आए दिन मारपीट करता है। वह अपनी सरकारी नौकरी का रौब दिखाकर जान से मारने और दूसरी शादी करने की धमकियां देता था। इसके अलावा सबा ने पति पर अवैध गतिविधियों और सेक्स रैकेट के संचालन में शामिल होने का भी आरोप लगाया है। 15 अगस्त को जब सबा ने पति को रंगे हाथों पकड़ा, तो यह पूरा मामला सार्वजनिक हो गया। फिलहाल पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
