India Weather Today: आमतौर पर मार्च का महीना खत्म होते-होते चिलचिलाती गर्मी लोगों को परेशान करने लगती है, लेकिन इस साल कुदरत का करिश्मा कुछ अलग ही नजर आ रहा है। देशभर में इस समय मौसम ने करवट बदल ली है और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न क्षेत्रों में बने चक्रवाती सिस्टम की वजह से आने वाले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही सुहावना बना रहेगा। हालांकि, इस खुशनुमा मौसम के साथ आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में आज बारिश और तेज हवाओं के आसार
देश की राजधानी दिल्ली में आज, 31 मार्च को मौसम के तेवर बदले हुए नजर आएंगे। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में हल्की बूंदाबांदी के बाद शाम तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों में 40 किमी तक पहुंच सकती हैं। अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे फिलहाल लू चलने जैसी स्थिति पैदा नहीं होगी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय रहेगा सिस्टम
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने सक्रियता की चेतावनी दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ-साथ ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ओलावृष्टि की आशंका को देखते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार और झारखंड में उग्र रहेगा मौसम
बिहार और झारखंड में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटा तक जा सकती है, जो काफी खतरनाक साबित हो सकती है। झारखंड में भी 2-3 अप्रैल तक रुक-रुक कर बारिश और तूफान का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
मध्य, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत का हाल
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी आंधी और ओले गिरने की संभावना है। दक्षिण भारत की बात करें तो केरल और माहे में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों—असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड—में भी भारी बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 5 अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे अप्रैल के पहले हफ्ते में भी मौसम अस्थिर बना रह सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
