फीफा वर्ल्ड कप-2026 में ईरान ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए बेल्जियम को गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया। लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-जी के इस मुकाबले में ईरानी टीम ने दबाव और विरोधी माहौल के बावजूद शानदार संघर्ष का परिचय दिया। मैच के दौरान कुछ दर्शकों द्वारा ईरानी खिलाड़ियों को निशाना बनाए जाने की भी चर्चा रही, लेकिन टीम ने मैदान पर अपने खेल से जवाब दिया।
यह ड्रॉ ईरान के लिए किसी जीत से कम नहीं माना जा रहा है। इस परिणाम के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला, जबकि ईरान ने नॉकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर लिया।
ईरान की सफलता के सबसे बड़े नायक उसके गोलकीपर अलीरेजा बेइरानवांड रहे। उन्होंने पूरे मैच में कई बेहतरीन बचाव किए और बेल्जियम के हमलों को लगातार विफल किया। बेल्जियम ने मुकाबले में गोल पर 22 शॉट लगाए, जिनमें से सात निशाने पर थे, लेकिन अलीरेजा के शानदार प्रदर्शन के सामने कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका।
अलीरेजा वही गोलकीपर हैं जिन्होंने 2018 रूस वर्ल्ड कप में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पेनाल्टी रोककर सुर्खियां बटोरी थीं। इस मैच में भी उन्होंने शुरुआत से ही अपना अनुभव दिखाया। रोमेलू लुकाकू समेत बेल्जियम के कई खिलाड़ियों ने शुरुआती मिनटों में गोल करने की कोशिश की, लेकिन ईरानी गोलकीपर ने हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। पहले हाफ में दोनों टीमों को कुछ मौके मिले, लेकिन कोई भी गोल में तब्दील नहीं हो सका।
दूसरे हाफ में भी बेल्जियम ने आक्रामक खेल जारी रखा। हालांकि ईरान ने भी जवाबी हमले किए, लेकिन बेल्जियम का डिफेंस सतर्क रहा। मुकाबले का सबसे बड़ा मौका 50वें मिनट में आया, जब केविन डे ब्रूयन ने लगातार तीन बार गोल पर निशाना साधा, लेकिन अलीरेजा ने शानदार बचाव करते हुए टीम को बढ़त लेने से रोक दिया।
बेल्जियम की मुश्किलें तब और बढ़ गईं जब नाथन एगॉय को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। तारेमी के साथ टकराव के बाद रेफरी ने उन्हें सीधे रेड कार्ड दिया, जिसके चलते बेल्जियम को बाकी मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसके बावजूद बेल्जियम ने हमले जारी रखे, लेकिन ईरान का डिफेंस मजबूती से डटा रहा।
आखिरकार मुकाबला बिना किसी गोल के समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के बाद ईरान के दो अंक हो गए हैं और वह ग्रुप-जी में दूसरे स्थान पर है। मिस्र भी दो अंकों के साथ शीर्ष पर है, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण वह आगे है। वहीं बेल्जियम फिलहाल तीसरे स्थान पर मौजूद है।
