मुंबई: फिल्म धुरंधर: द रिवेंज में अपने किरदार जमील जमाली के लिए सुर्खियों में आए अभिनेता राकेश बेदी इन दिनों एक पुराने इंटरव्यू के कारण चर्चा में हैं। वीडियो में उन्होंने ‘हरिजन’ शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे भारत में प्रतिबंधित माना जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद आजाद समाज पार्टी के मुंबई स्टेट प्रेसिडेंट कैलाश जैसवार ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर राकेश बेदी ने तुरंत सार्वजनिक माफी जारी की। वीडियो में उन्होंने कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था और उन्होंने यह शब्द अनजाने में इस्तेमाल किया।
राकेश बेदी ने कहा
“नमस्कार दोस्तों, मैंने कुछ महीने पहले एक वीडियो में कहा कि हमारे देश में भीमराव अंबेडकर जी ने दलितों, हरिजनों और पिछड़े समाज के लोगों के लिए बहुत काम किया। मुझे अब पता चला कि ‘हरिजन’ शब्द का इस्तेमाल प्रतिबंधित है। मेरा इरादा किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था। अगर किसी को बुरा लगा है, तो इसके लिए मैं माफी मांगता हूं। यह जानबूझकर नहीं किया गया था।”
धुरंधर 2 की धमाकेदार सफलता
वहीं, फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर भी धमाल मचा रही है। सुपरस्टार रजनीकांत ने डायरेक्टर आदित्य धर को “बॉक्स ऑफिस का बाप” कहकर फिल्म की तारीफ की। भारत में फिल्म ने 1000 करोड़ का कलेक्शन पार किया है, जबकि वर्ल्डवाइड कमाई 1200 करोड़ से भी ज्यादा हो गई है।
फिल्म में रणवीर सिंह, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कई सितारे अहम भूमिकाओं में हैं। यह हाई-ऑक्टेन एक्शन और जासूसी से भरपूर फिल्म हिंदी के अलावा कन्नड़, मलयालम, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज हुई है।
