खातेगांव, मध्य प्रदेश: देवास ज़िले के खातेगांव से एक अनोखी और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक परिवार ने अपने पालतू श्वान ‘बॉबी’ के लिए मंदिर में बाकायदा तुलादान कर धार्मिक परंपरा निभाई। यह भारत में पहली बार हुआ है जब किसी श्वान का इस तरह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार तुलादान हुआ।
खातेगांव निवासी रविशंकर यादव और संजू यादव के पालतू श्वान बॉबी को एक महीने पहले दिखाई देना बंद हो गया था। वे इसे केवल जानवर नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य मानते हैं। श्वान के ठीक होने की कामना करते हुए उन्होंने पंचेश्वर महादेव मंदिर में मन्नत ली थी कि अगर बॉबी को दोबारा दिखने लगेगा, तो वे उसका तुलादान कराएंगे।
डॉक्टरों के उपचार के बाद जब बॉबी को फिर से दिखाई देने लगा, तो पूरा परिवार मंदिर पहुंचा। वहां बॉबी का तुलादान मिठाई, फल, अनाज और गेहूं से विधिपूर्वक कराया गया। यह दृश्य देखने वाले आश्चर्य और श्रद्धा से भर उठे।
