बड़वानी, मध्य प्रदेश: बड़वानी जिला मुख्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर कार्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित तालाब में मगरमच्छ की मौजूदगी सामने आई।
यह तालाब ग्राम सजवानी और बड़गांव के बीच स्थित है। स्थानीय ग्रामीणों ने तालाब के किनारे मगरमच्छ को देखा और उसका वीडियो भी बनाया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस क्षेत्र में पहली बार किसी तालाब या नदी में मगरमच्छ दिखाई दिया है।
चूंकि तालाब के आसपास रिहायशी बस्तियां हैं, इस कारण लोगों में भय का माहौल बन गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों को तालाब के किनारे जाने से मना कर दिया गया है।
इसके अलावा, तालाब के पास खेती करने वाले किसान और मवेशी चराने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द मगरमच्छ को पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी तरह की दुर्घटना को टाला जा सके।
वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
