अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ ने पकड़ी रफ्तार, दूसरे संडे को की रिकॉर्ड कमाई; जानें अब तक का कुल कलेक्शन

Bhoot Bungla Box Office Collection Day 10: बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार के लिए साल 2026 एक बड़ी सौगात लेकर आया है। निर्देशक प्रियदर्शन के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भूत बंगला’ ने बॉक्स ऑफिस पर वो करिश्मा कर दिखाया है, जिसका इंतजार अक्षय के प्रशंसक पिछले चार सालों से कर रहे थे।

भूत बंगला बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
भूत बंगला बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Bhoot Bungla Box Office Collection Day 10: निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म भूत बंगला बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। पिछले चार वर्षों से एक बड़ी हिट का इंतजार कर रहे अक्षय कुमार को इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत वापसी का मौका दिया है। रिलीज के पहले दिन से ही दर्शकों के पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फायदा उठा रही इस फिल्म ने दूसरे वीकेंड में ऐसा प्रदर्शन किया है, जो सूर्यवंशी के बाद उनकी किसी भी फिल्म में देखने को नहीं मिला।

फिल्म ने पहले हफ्ते में ही करीब 95 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था, जिससे साफ संकेत मिल गए थे कि यह बॉक्स ऑफिस पर लंबी रेस की घोड़ी साबित हो सकती है। दूसरे वीकेंड की शुरुआत से ही फिल्म की कमाई में तेजी देखने को मिली। शुक्रवार को कलेक्शन में हल्की बढ़त दर्ज की गई, जबकि शनिवार को फिल्म ने जोरदार उछाल लेते हुए 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। रविवार को भी इस रफ्तार में और तेजी आई और फिल्म ने लगभग 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया। इस तरह दूसरे वीकेंड में फिल्म की कमाई करीब 30 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गई और 10 दिनों में कुल कलेक्शन लगभग 125 करोड़ रुपये हो गया।

अक्षय कुमार के करियर के लिहाज से यह प्रदर्शन खास मायने रखता है। लॉकडाउन के बाद आई सूर्यवंशी ने दूसरे वीकेंड में 30 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी, लेकिन इसके बाद उनकी फिल्मों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा। साल 2022 के बाद से उनकी कई फिल्मों ने उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं किया, हालांकि 2025 में उनकी कुछ फिल्मों ने 100 करोड़ क्लब में जगह जरूर बनाई। इसके बावजूद, इन फिल्मों का दूसरे वीकेंड का प्रदर्शन उतना मजबूत नहीं रहा, जितना अब भूत बंगला में देखने को मिल रहा है।

फिल्म को मिल रहे लगातार सकारात्मक रिस्पॉन्स ने इसके आगे के कलेक्शन को लेकर उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। ट्रेड जानकारों का मानना है कि दूसरे हफ्ते के अंत तक फिल्म 135 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है। साथ ही, अगले दो हफ्तों तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं होने से भूत बंगला को बॉक्स ऑफिस पर और मजबूत पकड़ बनाने का मौका मिलेगा। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 160 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale