दुबई: पाकिस्तान ने बुधवार को एशिया कप 2025 के ग्रुप-ए के करो या मरो मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 41 रन से हराकर सुपर-4 में जगह पक्की कर ली। अब रविवार को उसका सामना भारत से होगा। मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ क्योंकि भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान टीम से हाथ नहीं मिलाने के विवाद के बाद पाकिस्तान ने मैच से हटने की धमकी दी थी। अंततः आखिरी मिनट के ड्रामे के बाद मुकाबला खेला गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 146 रन बनाए। फखर जमां ने 36 गेंदों पर 50 रन ठोके, जबकि संकटमोचक शाहीन शाह अफरीदी ने 14 गेंदों में नाबाद 29 रन की तेज पारी खेली। यूएई की ओर से जुनैद सिद्दिकी (4/18) और सिमरनजीत सिंह (3/26) ने शानदार गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएई की टीम 17.4 ओवर में 105 रन पर ऑल-आउट हो गई। राहुल चोपड़ा ने 35 और ध्रुव पराशर ने 20 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए अफरीदी, रऊफ और अबरार अहमद ने 2-2 विकेट झटके।
इस जीत से पाकिस्तान ने सुपर-4 में क्वालीफाई कर लिया। भारत पहले ही सुपर-4 में पहुंच चुका है और ग्रुप-ए में शीर्ष पर है। अब क्रिकेट प्रेमियों को भारत-पाकिस्तान का रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगा।
