अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ ने पहले वीकेंड में तोड़े रिकॉर्ड, 2026 की टॉप-3 ओपनिंग फिल्मों में शामिल

Welcome To The Jungle Box Office Collection Day 3: अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले वीकेंड में ₹63.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। रविवार को फिल्म ने ₹24.75 करोड़ की कमाई के साथ 2026 की तीसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड ओपनिंग वीकेंड फिल्म बनने का रिकॉर्ड बनाया।

वेलकम टू द जंगल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
वेलकम टू द जंगल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Welcome To The Jungle Box Office: अक्षय कुमार की फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने रिलीज के पहले वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। पहले दिन से मजबूत शुरुआत करने वाली फिल्म ने संडे के कलेक्शन के साथ अपना पहला वीकेंड पूरा किया। तीसरे दिन फिल्म की कमाई में उम्मीद से अधिक उछाल देखने को मिला।

गुरुवार को हुए पेड प्रीव्यू शोज के बाद से ही फिल्म की कॉमेडी और अक्षय कुमार की परफॉर्मेंस की सराहना होने लगी थी। इसी का असर बॉक्स ऑफिस पर भी देखने को मिला। धीमी एडवांस बुकिंग के बावजूद फिल्म ने शुक्रवार को 15.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।

फिल्म को मिल रहे सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ का फायदा शनिवार को भी मिला और कमाई में 30 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी के साथ कलेक्शन 20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

रविवार को फिल्म ने और भी मजबूत प्रदर्शन किया। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, तीसरे दिन फिल्म की कमाई में करीब 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और इसने 24.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। फिल्म को केवल शहरों में ही नहीं, बल्कि मास ऑडियंस वाले थिएटर्स में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।

पेड प्रीव्यू शोज के कलेक्शन को मिलाकर रविवार तक ‘वेलकम टू द जंगल’ का कुल नेट कलेक्शन 63.75 करोड़ रुपये हो गया है। इसके साथ ही यह 2026 की बॉलीवुड फिल्मों के सबसे बड़े ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन की सूची में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।

इस साल सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन 503 करोड़ रुपये के साथ रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ के नाम दर्ज है। दूसरे स्थान पर सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ है, जिसने पहले वीकेंड में करीब 130 करोड़ रुपये की कमाई की थी। अब 63.75 करोड़ रुपये के साथ ‘वेलकम टू द जंगल’ इस सूची में तीसरे स्थान पर है।

फिल्म का पहला वीकेंड कलेक्शन अक्षय कुमार की 2024 में रिलीज हुई सभी फिल्मों के वीकेंड कलेक्शन से अधिक रहा है। इस साल ‘भूत बंगला’ के बाद अब ‘वेलकम टू द जंगल’ की मजबूत शुरुआत यह संकेत दे रही है कि दर्शक अक्षय कुमार को उनके कॉमिक अंदाज में पसंद कर रहे हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि शानदार वीकेंड के बाद फिल्म कामकाजी दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale