माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक और 365 की सेवाएं ठप, दुनियाभर के लाखों यूजर्स परेशान

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा Outlook और Microsoft 365 में बड़ी तकनीकी खराबी सामने आई है। इस वैश्विक आउटेज के कारण भारत समेत 74 देशों के लाखों यूजर्स को ईमेल भेजने, रिसीव करने और अकाउंट में लॉग-इन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

दुनिया के 74 देशों में Outlook और Microsoft 365 ठप
दुनिया के 74 देशों में Outlook और Microsoft 365 ठप

दुनिया की दिग्गज सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गुरुवार देर रात से कंपनी की प्रमुख ईमेल सेवा आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 के सर्वर अचानक ठप हो गए। इस तकनीकी खराबी के कारण भारत समेत दुनिया के 74 देशों के लाखों यूजर्स को ईमेल भेजने, रिसीव करने, कैलेंडर देखने और अपने अकाउंट में लॉग-इन करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी ने पुष्टि की है कि सर्वर कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है और इस वैश्विक आउटेज का असर कोपायलट तथा टीम्स की कुछ सेवाओं के साथ-साथ थर्ड-पार्टी एआई टूल्स के कनेक्टर्स पर भी पड़ा है।

ऑनलाइन सेवाओं के ठप होने पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, इस समस्या की शुरुआत होते ही शिकायतों की बाढ़ आ गई। अपने चरम पर अकेले आउटलुक से जुड़ी 1 लाख 38 हजार से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गईं, जबकि माइक्रोसॉफ्ट 365 के लिए भी हजारों यूजर्स ने परेशानी की शिकायत की। दुनियाभर के करोड़ों दफ्तरों और सरकारी विभागों के दैनिक कामकाज की रफ्तार इस तकनीकी व्यवधान के चलते थम सी गई है।

माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और अपने सर्विस स्टेटस पेज पर इस बड़े आउटेज की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि इंजीनियरिंग टीम समस्या को सुलझाने में जुटी हुई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह कोई साइबर हमला नहीं है, बल्कि एक्सचेंज ऑनलाइन से जुड़े सर्वरों पर सुरक्षित कनेक्शन स्थापित करने वाली प्रक्रिया पर अत्यधिक दबाव पड़ने के कारण यह तकनीकी खराबी आई है। शुरुआत में यह संकट केवल उत्तरी अमेरिका तक सीमित लग रहा था, लेकिन जल्द ही इसने वैश्विक रूप ले लिया और अब कंपनी वैकल्पिक रास्तों से ट्रैफिक शिफ्ट कर धीरे-धीरे सेवाओं को बहाल करने का प्रयास कर रही है।

इस तकनीकी संकट के बीच माइक्रोसॉफ्ट अपने आंतरिक पुनर्गठन और कर्मचारियों को दिए गए एक बड़े प्रस्ताव को लेकर भी सुर्खियों में है। हाल ही में कंपनी ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में कार्यरत अपने लगभग 60,000 पात्र कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने यानी वॉलंटरी एग्जिट का ऑफर दिया है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्लाउड डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर का निवेश कर रही है। हालांकि कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इसका अर्थ अनिवार्य छंटनी नहीं है, बल्कि यह उन कर्मचारियों को आर्थिक पैकेज के साथ सम्मानजनक विदाई देने का विकल्प है जो कंपनी से बाहर अपना नया करियर तलाशना चाहते हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale