मेटा में फिर बड़ी छंटनी: 8000 कर्मचारियों पर गिरी गाज, तड़के सुबह 4 बजे ईमेल भेजकर दी गई नौकरी से निकालने की सूचना

टेक दिग्गज मेटा प्लेटफॉर्म्स ने करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत सिंगापुर हब से हुई, जहां कर्मचारियों को तड़के 4 बजे ईमेल के जरिए टर्मिनेशन की सूचना मिली। कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अब अधिक ‘फ्लैट स्ट्रक्चर’ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को प्राथमिकता दे रहे हैं।

फेसबुक पैरेंट कंपनी मेटा ले ऑफ
फेसबुक पैरेंट कंपनी मेटा ले ऑफ

Meta Layoffs 2026: फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स में बड़े पैमाने पर छंटनी की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसका असर करीब 8,000 कर्मचारियों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस छंटनी का पहला संकेत कंपनी के सिंगापुर हब से सामने आया, जहां प्रभावित कर्मचारियों को तड़के ईमेल के जरिए सूचना दी गई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका और ब्रिटेन समेत अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे कर्मचारियों को पहले दफ्तर न आने और घर से काम करने (वर्क फ्रॉम होम) का निर्देश दिया गया। इसके कुछ समय बाद ही छंटनी से जुड़े ईमेल चरणबद्ध तरीके से भेजे जाने लगे। सिंगापुर में कर्मचारियों को स्थानीय समय के अनुसार सुबह 4 बजे ईमेल प्राप्त हुए, जो भारतीय समयानुसार करीब 1:30 बजे होता है।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरी प्रक्रिया टाइम ज़ोन के अनुसार व्यवस्थित की गई थी, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों में एक तय क्रम में सूचना दी जा सके।

छंटनी से पहले कंपनी में लगभग 78,000 कर्मचारी कार्यरत थे। अब हजारों कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित होने के साथ-साथ संगठन के ढांचे में भी बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर जेनेल गेल ने एक आंतरिक मेमो में बताया कि लगभग 7,000 कर्मचारियों को नई AI-आधारित टीमों में फिर से नियुक्त किया जाएगा, जबकि करीब 6,000 खाली पदों को समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही मैनेजर स्तर के पदों में भी कटौती की जा रही है।

मेमो में कहा गया कि कंपनी अब अधिक “फ्लैट स्ट्रक्चर” की ओर बढ़ रही है, जिसमें छोटे और अधिक स्वायत्त समूहों के जरिए तेजी से काम किया जा सके।

इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर इंजीनियरिंग और प्रोडक्ट टीमों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साल के अंत तक और भी कटौतियां हो सकती हैं। कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता घोषित किया है।

मेटा प्लेटफॉर्म्स ने यह भी संकेत दिया है कि वह इस वर्ष 125 से 145 अरब डॉलर तक खर्च करने की योजना बना रही है, जिसमें अधिकांश निवेश एआई और संबंधित तकनीकों पर केंद्रित होगा।

कई कर्मचारियों का मानना है कि वर्क फ्रॉम होम का निर्देश इस पूरी छंटनी प्रक्रिया को शांत और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए दिया गया, ताकि किसी तरह का सार्वजनिक हंगामा या असंतोष सामने न आए।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale