Meta Paid Subscription: इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सऐप इस्तेमाल करने के लिए अब देने होंगे पैसे! कंपनी ला रही है “Plus” वर्जन, जानें कीमत और फीचर्स

Meta Paid Subscription: मेटा ने अपने लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप के इस्तेमाल के तरीकों में बड़े बदलाव की तैयारी कर ली है। कंपनी ने दुनिया भर के यूजर्स के लिए कुछ खास फीचर्स और कस्टमाइजेशन ऑप्शंस के साथ नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं।

मेटा (Meta) सब्सक्रिप्शन प्लान (Image: Pexels)
मेटा (Meta) सब्सक्रिप्शन प्लान (Image: Pexels)

Meta अब अपने प्लेटफॉर्म Instagram, Facebook और WhatsApp के इस्तेमाल के तरीके में बड़ा बदलाव करने जा रही है। कंपनी ने नए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान्स पेश किए हैं, जिनके जरिए यूजर्स को “प्लस” वर्जन में कई एक्सक्लूसिव फीचर्स मिलेंगे। इसका मकसद यह है कि Meta सिर्फ विज्ञापनों पर निर्भर रहने के बजाय सब्सक्रिप्शन से भी कमाई बढ़ा सके और यूजर्स को प्रीमियम अनुभव दिया जा सके।

रिपोर्ट्स के अनुसार Instagram Plus और Facebook Plus की कीमत लगभग 3.99 डॉलर प्रति माह (करीब 387 रुपये) रखी गई है, जबकि WhatsApp Plus की कीमत करीब 2.99 डॉलर प्रति माह (लगभग 290 रुपये) बताई जा रही है। हालांकि भारत में इनकी आधिकारिक कीमत अभी घोषित नहीं हुई है।

Instagram Plus में यूजर्स को कई नए और एडवांस फीचर्स मिलेंगे। इनमें यह देखने की सुविधा शामिल होगी कि आपकी स्टोरी कितनी बार देखी गई, अनलिमिटेड ऑडियंस लिस्ट बनाने का विकल्प, और बिना व्यूअर लिस्ट में आए स्टोरी प्रीव्यू करने की सुविधा शामिल है। इसके अलावा स्टोरी की 24 घंटे की सीमा को बढ़ाया जा सकेगा और हर हफ्ते एक स्टोरी को हाइलाइट करने का विकल्प भी मिलेगा। यूजर्स यह भी देख सकेंगे कि उनकी स्टोरी कौन-कौन देख रहा है और फॉलोअर्स की फीड में दिखे बिना सीधे प्रोफाइल पर पोस्ट कर सकेंगे।

इसके साथ कुछ कॉस्मेटिक और कस्टमाइजेशन फीचर्स भी जोड़े जाएंगे, जैसे एनिमेटेड “Super Heart” रिएक्शन, कस्टम ऐप आइकन, बायो के लिए नए फॉन्ट और अतिरिक्त प्रोफाइल पिन्स।

WhatsApp Plus में भी पर्सनलाइजेशन पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। इसमें कस्टम थीम्स, अलग-अलग रिंगटोन्स, प्रीमियम स्टिकर्स, ज्यादा पिन किए गए चैट्स और एडवांस चैट मैनेजमेंट टूल्स जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है। वहीं Facebook Plus में भी इसी तरह के प्रीमियम फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है।

Meta ने साफ किया है कि यह नया सब्सक्रिप्शन मॉडल Meta Verified से अलग है, जो पहले से ही यूजर्स को वेरिफिकेशन और सुरक्षा से जुड़े फीचर्स देता है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इन प्लेटफॉर्म्स पर और भी नए फीचर्स जोड़े जाएंगे, ताकि यूजर्स को एक ज्यादा प्रीमियम और कस्टमाइज्ड सोशल मीडिया अनुभव मिल सके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale