ऑनलाइन गेमिंग के शौकीनों के लिए बड़ी खबर है। Krafton India ने Android यूजर्स के लिए BGMI Lite का प्री-रजिस्ट्रेशन Google Play Store पर शुरू कर दिया है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक गेम की आधिकारिक कन्फर्म लॉन्च डेट का ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह गेम इस साल के अंत तक भारत में लॉन्च हो सकता है।
BGMI Lite का शुरुआती डाउनलोड साइज करीब 1GB रहने की उम्मीद है, जो कि रेगुलर BGMI के मुकाबले काफी छोटा है। इसे खासतौर पर कम स्टोरेज और कम क्षमता वाले पुराने या एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स के लिए तैयार किया जा रहा है ताकि यूजर्स बिना किसी रुकावट के बेहतर गेमिंग का अनुभव ले सकें। इसमें कम रिजॉल्यूशन वाले ग्राफिक्स और बेहतर ऑप्टिमाइजेशन दिए जा सकते हैं।
मौजूदा BGMI प्लेयर्स के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें Lite वर्जन खेलने के लिए नया अकाउंट बनाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, पुराने गेम आइटम्स और प्रोग्रेस को इसमें कैसे ट्रांसफर किया जाएगा, इसकी जानकारी जल्द साझा की जाएगी। फिलहाल, यह प्री-रजिस्ट्रेशन केवल एंड्रॉइड यूजर्स के लिए उपलब्ध है और iOS (iPhone) यूजर्स को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा।
BGMI Lite के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया बेहद आसान है। एंड्रॉइड यूजर्स अपने फोन में Google Play Store खोलकर ‘BGMI Lite’ सर्च कर सकते हैं। पब्लिशर की आधिकारिक लिस्टिंग जांचने के बाद ‘Pre-register’ बटन पर टैप करना होगा। इसके साथ ही यूजर्स ‘Automatic Install’ का ऑप्शन भी चुन सकते हैं, जिससे गेम लॉन्च होते ही फोन में खुद-ब-खुद डाउनलोड हो जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से कंपनी और विशेषज्ञों ने यूजर्स को किसी भी अनजान वेबसाइट या थर्ड-पार्टी एपीके (APK) फाइल्स से दूर रहने की सलाह दी है। गेम के लॉन्च से पहले सामने आने वाले फर्जी डाउनलोड लिंक या निजी जानकारी मांगने वाले पेजों से बचें और केवल आधिकारिक Google Play Store का ही इस्तेमाल करें।
आपको बता दें कि सितंबर 2020 में चीनी कनेक्शन के कारण PUBG Mobile पर लगे बैन के बाद भारत में खास BGMI पेश किया गया था। अब कंपनी इसका लाइट वर्जन लाकर कम स्पेसिफिकेशन्स वाले स्मार्टफोन यूजर्स तक भी अपनी पहुंच मजबूत करना चाहती है।
