रायपुर: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) की तैयारियों में शिक्षा मंत्रालय पूरी तरह से जुट गया है। आगामी 5 मई को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए देशभर में 5468 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 93% सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में स्थापित किए जाएंगे।
परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 3 लाख से अधिक शिक्षकों का सत्यापन किया गया है। मंत्रालय पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रहा है। इसके तहत कोचिंग सेंटरों पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रशासन की पैनी नजर बनी रहेगी ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।
