Thailand train accident: थाईलैंड में बुधवार सुबह एक भीषण रेल हादसा हुआ जिसने पूरे देश को हिला दिया। नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में एक क्रेन अचानक चलती यात्री ट्रेन पर गिर पड़ी, जिससे ट्रेन पटरी से उतर गई और उसमें आग लग गई। इस दुर्घटना में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हैं। यह क्षेत्र राजधानी बैंकॉक से लगभग 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।
पुलिस प्रमुख थाचापोन चिन्नावोंग ने बताया कि हादसे में 22 यात्रियों की जान जा चुकी है और घायल लोगों का इलाज किया जा रहा है। दुर्घटना के समय ट्रेन उबोन रत्चाथानी प्रांत की ओर जा रही थी। हादसे के बाद स्थानीय मीडिया पर लाइव वीडियो सामने आए, जिनमें रंग-बिरंगी यात्री बोगियां पटरी से पलटी हुई दिखाई दे रही थीं और मलबे से धुआं उठ रहा था। घटनास्थल पर मौजूद राहतकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है और लगातार बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
Video clip from the scene of the serious train accident today when a crane fell onto a passenger train at a construction site in Nakhon Ratchasima province. Multiple deaths reported.
— Thai Train Guide (@ThaiTrainGuide) January 14, 2026
Video released by @PR_SRT #Thailand pic.twitter.com/AOP2Ng7ESR
नाखोन रत्चासिमा के जनसंपर्क विभाग की ओर से फेसबुक पर दी गई जानकारी में कहा गया कि अब तक मलबे से चार शवों को बाहर निकाला जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार यह क्रेन तेज रफ्तार रेलवे प्रोजेक्ट के निर्माण के लिए इस्तेमाल की जा रही थी, जो बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी को जोड़ने वाला है। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन पर गिर गई और बड़ा हादसा हो गया।
राहतकर्मी ट्रेन के अंदर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है। हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बढ़ा दी गई है।
