महिला प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 9 जनवरी शुक्रवार को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हुए मुकाबले से हुई। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस मैच में आरसीबी ने रोमांचक अंदाज में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से मात दी। मुंबई ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 154 रन बनाए थे और आरसीबी को जीत के लिए 155 रनों का टारगेट देना पड़ा। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने यह मुकाबला आखिरी गेंद पर अपने नाम किया।
जीत की नायिका बनीं साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर नादिन डिक्लर्क जिन्होंने मैच के अंतिम ओवर में 18 रन बनाकर मुकाबला पलट दिया। अंतिम ओवर नेट साइवर-ब्रंट डाल रही थीं। उस ओवर की शुरुआती दो गेंदें डॉट रहीं, लेकिन उसके बाद डिक्लर्क ने लगातार चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 6, 4, 6 और 4 रन जोड़कर मैच आरसीबी की झोली में डाल दिया। नादिन डिक्लर्क ने 44 गेंदों पर नाबाद 63 रनों की पारी खेली जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। इससे पहले गेंदबाजी में भी उन्होंने चार विकेट चटकाए और प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।
ध्यान देने वाली बात है कि मुंबई इंडियंस दो बार की चैंपियन है और मौजूदा खिताब भी उसी के नाम है, जबकि आरसीबी एक बार इस टूर्नामेंट को अपने नाम कर चुकी है। इस बार मुंबई अपने टाइटल को डिफेंड करने के इरादे से मैदान में उतरी है लेकिन शुरुआती मैच में आरसीबी के ऑलराउंड प्रदर्शन के आगे वह टिक नहीं सकी।
A #TATAWPL classic in the season opener! 🔥
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) January 9, 2026
And we have just begun 😎
What a finish that from Nadine de Klerk! 🤯
Scorecard ▶️ https://t.co/IWU1URl1fr#KhelEmotionKa | #MIvRCB pic.twitter.com/FKyZhLwbto
लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने तेज शुरुआत की और कप्तान स्मृति मंधाना ने ग्रेस हैरिस के साथ मिलकर पहले 3.5 ओवरों में 40 रनों की साझेदारी की। मुंबई की ओर से गेंदबाजी करते हुए शबनम इस्माइल ने स्मृति को 18 रनों पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके तुरंत बाद ग्रेस हैरिस को नेट साइवर-ब्रंट ने 25 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। मध्य क्रम में डी. हेमलता केवल 7 रन, राधा यादव 6 रन और ऋचा घोष सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं। ऋचा घोष के आउट होने के समय आरसीबी का स्कोर 65 रन पर 5 विकेट था और टीम दबाव में आ चुकी थी। इसके बाद छठे विकेट के लिए अरुंधति रेड्डी और नादिन डिक्लर्क ने मिलकर 52 रनों की साझेदारी की और पारी को संभाला। मुंबई की ओर से निकोला कैरी ने पहले अरुंधति रेड्डी को 20 रनों पर आउट किया और फिर श्रेयंका पाटिल को सिर्फ 1 रन पर चलते किया। इसके बाद डिक्लर्क ने अकेले दम पर मैच को ऐसी दिशा दी कि आखिरी गेंद तक रोमांच बना रहा और अंततः आरसीबी विजयी रही।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 154 रन बनाए। मुंबई ने 35 के स्कोर पर दो महत्वपूर्ण विकेट खो दिए। एमेलिया केर 4 रन बनाकर लॉरेन बेल की गेंद पर आउट हुईं और नेट साइवर-ब्रंट भी 4 रन बनाकर नादिन डिक्लर्क की शिकार बनीं। इसके बाद क्रीज पर सेट दिख रहीं जी कमलिनी भी श्रेयंका पाटिल की गेंद पर बोल्ड हो गईं। कमलिनी ने 28 गेंदों पर 34 रन बनाए जिनमें 5 चौके शामिल थे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी निराश किया और 20 रनों के निजी स्कोर पर नादिन डिक्लर्क का शिकार बनीं। चार विकेट जल्दी गिरने के बाद मुंबई को पांचवें विकेट के लिए सजीवन सजना और निकोला कैरी की जोड़ी ने सहारा दिया। दोनों ने मिलकर 82 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सजना ने 25 गेंदों पर 45 रन ठोके जिनमें 7 चौके और एक छक्का शामिल था, जबकि कैरी ने 29 गेंदों पर 40 रनों की पारी खेली। दोनों को भी अंततः डिक्लर्क ने आउट किया जिन्होंने मैच में कुल मिलाकर 4 विकेट हासिल किए और गेंद तथा बल्ले दोनों से कमाल दिखाया।
इस मुकाबले में आरसीबी ने विदेशी खिलाड़ियों के रूप में लॉरेन बेल, ग्रेस हैरिस, नादिन डिक्लर्क और लिन्से स्मिथ को टीम में शामिल किया था। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की ओर से हेली मैथ्यूज बीमारी के चलते मैदान पर नहीं उतरीं और नेट साइवर-ब्रंट, एमेलिया केर, शबनम इस्माइल और निकोला कैरी को विदेशी खिलाड़ियों के रूप में प्लेइंग इलेवन में मौका मिला।
मैच से पहले टूर्नामेंट की शुरुआत एक भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हुई जिसमें मंच पर यो यो हनी सिंह ने लाइव परफॉर्म कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज ने भी अपनी डांस प्रस्तुति से माहौल गरमा दिया और पूर्व मिस यूनिवर्स हरनाज संधू ने अपने प्रदर्शन से पूरे स्टेडियम को आकर्षित कर दिया। इस शानदार शुरुआत के साथ महिला प्रीमियर लीग 2026 का आगाज़ बेहद धमाकेदार रहा।
