राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत: रूस के राष्ट्रपति को दिया गया भव्य ‘गार्ड ऑफ ऑनर’

Vladimir Putin India Visit: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा ने गुरुवार रात राजधानी दिल्ली का माहौल बदल दिया। जैसे ही उनका विशेष विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वहां मौजूद थे।

Putin's Ceremonial Welcome at Rashtrapati Bhavan: Russian President Given Grand 'Guard of Honour'
Putin's Ceremonial Welcome at Rashtrapati Bhavan: Russian President Given Grand 'Guard of Honour'

Vladimir Putin India Visit: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा ने गुरुवार रात राजधानी दिल्ली का माहौल बदल दिया। जैसे ही उनका विशेष विमान पालम एयरपोर्ट पर उतरा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वहां मौजूद थे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद पुतिन और मोदी एक ही कार में बैठकर 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहां भारत और रूस के झंडों और विशेष रोशनी से सजे परिसर में उनके सम्मान में डिनर का आयोजन किया गया।

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि वह राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि भारत और रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरा उतरी है और हमेशा दोनों देशों के लिए लाभकारी रही है। एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दोनों नेताओं की सहज बातचीत और मुस्कान ने उनके गहरे व्यक्तिगत संबंधों को और मजबूत रूप में सामने रखा। इससे पहले जुलाई 2024 में पुतिन ने मास्को में प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की थी, इसलिए इस मुलाकात को रिश्तों की निरंतरता का प्रतीक माना जा रहा है।

आज बैठक में क्या होगा खास?

शुक्रवार को होने वाला 23वां भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन कई मायनों में बेहद अहम है। यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब भारत और रूस की रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उम्मीद है कि आज होने वाली वार्ताओं में रक्षा, ऊर्जा, विज्ञान–तकनीक, व्यापार और कनेक्टिविटी पर कई महत्वपूर्ण समझौते होंगे।

रूसी मीडिया एजेंसी TASS ने जानकारी दी है कि इस बैठक के दौरान करीब 10 सरकारी समझौते और 15 से अधिक बड़े कारोबारी अनुबंध साइन किए जाएंगे।

दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यापार घाटे को संतुलित करने पर भी चर्चा होने की संभावना है। रूसी तेल आयात में तेजी के कारण भारत-रूस ट्रेड में असंतुलन बढ़ा है। बैठक में भारतीय निर्यात बढ़ाने और रूस में फार्मा, कृषि, ऑटो और मरीन सेक्टर की पहुंच मजबूत करने पर फोकस रहेगा। दोनों देश संभवतः 2030 तक व्यापार को 100 अरब डॉलर तक पहुंचाने का ऐलान भी कर सकते हैं।

अंतरराष्ट्रीय नजरें भी भारत-रूस मुलाकात पर

इस यात्रा पर वैश्विक ध्यान भी बना हुआ है। चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि पुतिन और मोदी की यह मुलाकात दुनिया को यह संदेश देती है कि भारत और रूस को अलग-थलग करने की पश्चिमी कोशिशें सफल होने की संभावना नहीं है।

राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत

सुबह राष्ट्रपति भवन में व्लादिमीर पुतिन का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री मोदी ने उनका दोबारा गर्मजोशी से स्वागत किया। पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां उन्होंने भारतीय तीनों सेनाओं की परेड का निरीक्षण किया।

औपचारिक प्रक्रिया के तहत पहले भारतीय मंत्रियों और अधिकारियों से पुतिन का परिचय कराया गया, फिर पुतिन ने अपने रूसी प्रतिनिधिमंडल का परिचय मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से करवाया।

आज दोपहर हैदराबाद हाउस में व्यापक वार्ता होगी और संयुक्त बयान जारी किए जाने की संभावना है। इसके बाद शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भोज के साथ यह महत्वपूर्ण यात्रा अपने निर्णायक पड़ाव की ओर बढ़ेगी।

भारत और रूस के बीच यह मुलाकात भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा दे सकती है और भू-राजनीतिक स्तर पर भी इसके दूरगामी प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale