India Costliest Number Plate: हरियाणा की नंबर प्लेट ‘HR88B8888’ अब भारत की सबसे महंगी कार रजिस्ट्रेशन संख्या बन गई है। हाल ही में संपन्न हुई नीलामी में यह नंबर प्लेट 1.17 करोड़ रुपये में बिकी, जिसने नया रिकॉर्ड कायम किया। इस नीलामी में कुल 45 दावेदारों ने हिस्सा लिया।
नीलामी की शुरुआत 50,000 रुपये की बेस प्राइस से हुई थी। दोपहर तक इसकी बोली 88 लाख रुपये तक पहुँच गई, और शाम 5 बजे यह 1.17 करोड़ रुपये पर जाकर रुकी। यह नीलामी आधिकारिक पोर्टल पर आयोजित की गई थी, जिसमें वीआईपी और विशेष सीरीज की नंबर प्लेटों के लिए बोली लगाई जाती है। बोली लगाने की प्रक्रिया शुक्रवार शाम 5 बजे शुरू होकर सोमवार सुबह 9 बजे समाप्त होती है, और बुधवार शाम 5 बजे विजेताओं की घोषणा की जाती है।
सफल बोली लगाने वाले व्यक्ति ने शुरुआत में केवल 11,000 रुपये जमा किए थे, जिसमें 1,000 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क और 10,000 रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल थे। नीलामी तभी पूर्ण मानी जाएगी जब विजेता पूरी राशि जमा कर देंगे, जिसके लिए उनके पास कम से कम पांच दिन का समय होगा।
भारत की सबसे महंगी नंबर प्लेट खरीदने वाले व्यक्ति हिसार के व्यवसायी सुधीर कुमार हैं। 30 वर्षीय सुधीर कई व्यवसायों में सक्रिय हैं, वे ट्रांसपोर्ट इंडस्ट्री से जुड़े हैं और एक सॉफ्टवेयर कंपनी भी चलाते हैं। इसके अलावा वे कमर्शियल ट्रांसपोर्ट के लिए एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित कर रहे हैं।
सुधीर ने बताया कि उन्होंने कोई खास बजट तय नहीं किया था, लेकिन उन्हें यह नंबर पसंद आया और इसके लिए बोली लगाई। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि यह बोली इतनी चर्चा में आएगी।
‘HR88B8888’ नंबर प्लेट में कई खास बातें हैं। ‘HR’ हरियाणा राज्य को दर्शाता है, ’88’ किसी विशेष आरटीओ या जिले का कोड है, ‘B’ उस आरटीओ की सीरीज कोड है और ‘8888’ वाहन को आवंटित चार अंकों का विशेष नंबर है। इस नंबर प्लेट की खासियत यह है कि इसमें ‘8’ अंक कई बार दोहराया गया है और ‘B’ का आकार भी ‘8’ जैसा प्रतीत होता है। कुल मिलाकर इसमें 7 बार ‘8’ दिखता है, और चार बार ‘8888’ अंक होने के कारण इसे बेहद शुभ माना जाता है। यही वजह है कि लग्ज़री कार शौकीन और न्यूमरोलॉजी में विश्वास रखने वाले लोग इसके लिए इतनी ऊँची बोली लगाने को तैयार रहते हैं।
