अभिनेत्री और मॉडल संयुक्ता शंमुगनाथन ने पूर्व क्रिकेटर और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व खिलाड़ी अनिरुद्ध श्रीकांत से गुरुवार को चेन्नई में शादी रचा ली। पिछले कुछ सप्ताहों से चल रही अफवाहों और चर्चाओं पर विराम लगाते हुए दोनों ने एक सरल हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह किया। इस निजी समारोह में सिर्फ परिवार के लोग, करीबी रिश्तेदार और कुछ खास दोस्त मौजूद थे।
शादी की तस्वीरें हुई सोशल मीडिया पर वायरल
शादी के बाद सामने आईं तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। तस्वीरों में संयुक्ता गोल्ड रंग की खूबसूरत साड़ी और मंदिर ज्वेलरी में बेहद आकर्षक नजर आईं। वहीं, अनिरुद्ध ने पारंपरिक गोल्ड शेड की शर्ट और धोती पहनकर इस खास मौके को सरल लेकिन क्लासिक बनाया। शादी की तस्वीरों के साथ ही दोनों ने एक इमोशनल वीडियो भी साझा किया, जिसमें उनके परिवार, बेटे और दोस्तों के साथ बिताए गए खूबसूरत पल देखे जा सकते हैं।
दिवाली पर सार्वजनिक हुई थी रिश्ते की खबर
हालांकि, शादी की खबर से पहले भी दोनों चर्चा में थे। दिवाली पर संयुक्ता और अनिरुद्ध ने साथ तस्वीर साझा की थी, जिसके बाद से उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें और तेज हो गई थीं। उस समय संयुक्ता ने लोगों की उत्सुकता बढ़ने पर रहस्यमय ढंग से सिर्फ इतना कहा था, ‘सब कुछ इंटरनेट पर है। जो है, वही है।’
दोनों का यह दूसरा विवाह
यह शादी दोनों के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है। अनिरुद्ध श्रीकांत, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत के बेटे हैं। अनिरुद्ध पहले मॉडल आरती वेंकटेश से विवाह बंधन में बंधे थे, लेकिन उनका दो वर्ष बाद 2014 में तलाक हो गया था।
संयुक्ता की पहली शादी टेक आंत्रप्रेन्योर कार्तिक शंकर से हुई थी, जिसका अंत 2025 की शुरुआत में तलाक के रूप में हुआ। उन्होंने अपने तलाक पर बोलते हुए कहा था, ‘जब मुझे अपने पति के अफेयर के बारे में पता चला, तो लगा जैसे मेरी पूरी जिंदगी झूठ थी।’
उतार-चढ़ाव और कठिन दौर से गुजरने के बाद अनिरुद्ध और संयुक्ता ने साथ जीवन शुरू करने का फैसला किया है। जैसे ही शादी की तस्वीरें सामने आईं, फिल्म इंडस्ट्री, क्रिकेट जगत और फैंस की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
