Japan Earthquake & Tsunami Alert: जापान के पूर्वी तट पर आज एक बड़ा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.8 मापी गई। यह भूकंप इवाते प्रांत के यमादा शहर से 126 किलोमीटर पूर्व में समुद्र के अंदर 10 किलोमीटर की उथली गहराई पर आया। यह घटना रिंग ऑफ फायर क्षेत्र में हुई, जहाँ भूकंप आना आम है। भूकंप के तुरंत बाद, जापान की मौसम एजेंसी ने सुनामी चेतावनी जारी कर दी।
भूकंप की पूरी जानकारी
यह भूकंप आज शाम करीब 5:03 बजे स्थानीय समय (जापान समय) पर आया। इसका केंद्र इवाते प्रांत के पास उत्तर प्रशांत महासागर में था। भूकंप इतना शक्तिशाली था कि आसपास के कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए। मियाको और यमादा जैसे तटीय क्षेत्रों में 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना थी, जिसके चलते चेतावनी जारी की गई।
खुशकिस्मती से किसी बड़ी तबाही की खबर नहीं आई। अब तक किसी की मौत या गंभीर चोट की सूचना नहीं है। कुछ छोटे स्तर की लहरें जरूर आईं, लेकिन उनका प्रभाव सीमित रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस क्षेत्र में आफ्टरशॉक (झटकों) की संभावना बनी हुई है, इसलिए निगरानी जारी रखी गई है।
पिछले 24 घंटों में कितने भूकंप आए?
पिछले 24 घंटों में इस इलाके में भूकंपों का एक झुंड (स्वार्म) दर्ज किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य 6.8 तीव्रता वाले भूकंप से पहले 5 भूकंप 5.0 तीव्रता से अधिक के आए थे। इनमें शामिल हैं —
- सुबह 6:04 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप,
- सुबह 7:33 बजे 5.0 तीव्रता का,
- सुबह के समय 5.6 तीव्रता का,
- रात 12:17 बजे (यूटीसी) 5.1 तीव्रता का,
- और एक और 5.1 तीव्रता का भूकंप जो मुख्य झटके से ठीक पहले आया।
मुख्य भूकंप के बाद भी कम से कम एक 5.1 तीव्रता का आफ्टरशॉक महसूस किया गया। इस प्रकार, पिछले 24 घंटों में 5.0 या उससे अधिक तीव्रता के कम से कम 7 भूकंप दर्ज हुए हैं। छोटे भूकंपों की संख्या इससे कहीं अधिक बताई जा रही है। वैज्ञानिकों के अनुसार यह भूकंप झुंड अचानक सक्रिय हुआ है, जो चिंताजनक संकेत है।
सुनामी मचा सकती है भारी तबाही
जापान के राष्ट्रीय प्रसारक NHK के मुताबिक, इवाते प्रीफेक्चर के तट से लगभग 70 किलोमीटर (45 मील) दूर शाम 5:12 बजे (0812 GMT) एक सुनामी देखी गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि लहर लगभग 1 मीटर (3 फीट, 3 इंच) ऊंची हो सकती है और इसके जल्द ही प्रशांत तट पर पहुंचने की संभावना है।
अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने भी बताया कि जापान के सबसे बड़े द्वीप होन्शू के पूर्वी तट पर, जिसमें इवाते क्षेत्र शामिल है, 6.26 तीव्रता का झटका दर्ज किया गया था।
बुलेट ट्रेनें लेट, बिजली बाधित
JR East रेलवे ऑपरेटर के अनुसार, भूकंप के झटकों की वजह से इलाके में बुलेट ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं। क्योटो न्यूज की रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ इलाकों में अस्थायी रूप से बिजली की कमी दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि इसी क्षेत्र में मार्च 2011 में एक विनाशकारी भूकंप और सुनामी आई थी, जिसने भारी तबाही मचाई थी।
