ब्रिटेन से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। उत्तरी इंग्लैंड में भारतीय मूल की एक 20 साल की लड़की से रेप की घटना ने सबको झकझोर दिया है। इस घटना का आरोपी एक श्वेत व्यक्ति बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में सीसीटीवी फुटेज जारी किया है और इस मामले को नस्लीय हमला मानकर जांच शुरू की है। वहीं, सिख फेडरेशन यूके ने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। फेडरेशन का कहना है कि हमलावर ने पीड़िता के घर का दरवाजा तोड़कर उसके साथ दरिंदगी की।
यह घटना वॉल्सॉल के पार्क हॉल इलाके की बताई जा रही है। वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम पुलिस को एक संकटग्रस्त युवती के बारे में सूचना मिली थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि उसके साथ रेप हुआ है। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध का सीसीटीवी फुटेज जारी किया है और कहा है कि वे इस अपराध को नस्लीय रूप से प्रेरित हमला मान रहे हैं।
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस के डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट रोनन टायरर ने कहा कि यह घटना बेहद भयावह है और आरोपी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमें सबूत जुटाने और गवाहों से बातचीत में जुटी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने उस इलाके में कोई संदिग्ध व्यक्ति देखा हो या किसी के पास डैशकैम या सीसीटीवी फुटेज हो, तो वह तुरंत पुलिस को जानकारी दे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी करीब 30 साल का है, जिसके बाल छोटे हैं और उसने हमले के समय डार्क रंग के कपड़े पहने हुए थे। हालांकि पुलिस ने अभी इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सिख फेडरेशन यूके ने इस घटना पर कहा है कि यह कोई अकेली घटना नहीं है। कुछ हफ्ते पहले ही ओल्डबरी इलाके में एक ब्रिटिश सिख महिला के साथ इसी तरह का नस्लीय हमला हुआ था। फेडरेशन ने कहा कि लगातार सिख और भारतीय समुदाय की महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
स्थानीय कम्युनिटी ग्रुप्स ने कहा है कि पीड़िता पंजाबी मूल की है और अब वह सदमे में है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है। ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग इस घटना से बेहद आक्रोशित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
