Australian Women cricketers Molested: इंदौर में आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा ले रही ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो खिलाड़ियों के साथ एक शर्मनाक घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने इन महिला खिलाड़ियों का पीछा किया और उनमें से एक के साथ छेड़छाड़ की।
यह घटना गुरुवार सुबह खजराना रोड पर हुई, जब दोनों खिलाड़ी अपने होटल से पास के एक कैफे की ओर पैदल जा रही थीं। तभी एक बाइक सवार व्यक्ति ने उनका पीछा करना शुरू किया और उनमें से एक को गलत तरीके से छूकर भाग गया। सब-इंस्पेक्टर निधि रघुवंशी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को इसकी जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों से संपर्क किया और खिलाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था की। शिकायत मिलने पर एसीपी हिमानी मिश्रा खिलाड़ियों से मिलीं, उनके बयान दर्ज किए और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
एमआईजी पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की मर्यादा भंग करने के लिए बल प्रयोग) और धारा 78 (पीछा करने) के तहत मामला दर्ज किया गया। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिससे पुलिस को उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी में मदद मिली। आरोपी की पहचान अखिल खान के रूप में हुई है, जिसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि अखिल खान के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और मामले की जांच जारी है।
इंदौर में आज ऑस्ट्रेलिया बनाम दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला
यह खबर उस समय आई है जब ऑस्ट्रेलिया की टीम शनिवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने अंतिम ग्रुप मैच में उतरेगी। दोनों टीमें सेमीफाइनल के लिए पहले ही क्वालिफाई कर चुकी हैं, लेकिन इस मैच का नतीजा तय करेगा कि कौन सी टीम ग्रुप में शीर्ष पर रहेगी।
ऑस्ट्रेलिया फिलहाल 11 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका 10 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। अगर दक्षिण अफ्रीका जीतता है, तो वह शीर्ष पर पहुंच जाएगा। यह मैच भारतीय टीम के लिए भी अहम है, क्योंकि ग्रुप की शीर्ष टीम का सामना सेमीफाइनल में भारत से होगा।
