नोएडा: बख्तियारपुर गांव में पुलिसकर्मी और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई है। फेज-1 थाने में तैनात सिपाही सनी बलियान को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
वायरल वीडियो में सिपाही सनी बलियान को वर्दी उतारकर स्थानीय लोगों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। एक अन्य पुलिसकर्मी उसे रोकने की कोशिश करता है, लेकिन वह उसके साथ भी धक्का-मुक्की करता है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि सिपाही सनी बलियान कुछ दिन पहले ही फेज-1 थाने में आया था। शनिवार रात वह बख्तियारपुर गांव के एक ढाबे पर खाना खाने गया था, जहां उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है और मारपीट में शामिल तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
