अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। क्वांटिको मिलिट्री बेस पर सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ हुई एक अहम बैठक में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया के सबसे ज्यादा और सबसे आधुनिक परमाणु हथियार हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका नहीं चाहता कि उसे इनका इस्तेमाल करना पड़े।
ट्रंप ने कहा कि रूस की परमाणु धमकी का जवाब देने के लिए अमेरिका ने अपनी सबसे खतरनाक परमाणु पनडुब्बी रूस के पास तैनात की है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी पनडुब्बियां रूस और चीन से 25 साल आगे हैं। इसी दौरान उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को ‘कागज का शेर’ बताते हुए तंज कसा और यूक्रेन युद्ध जल्द खत्म करने की नसीहत दी।
ट्रंप ने यह भी खुलासा किया कि अलास्का में पुतिन से मुलाकात के दौरान उन्होंने उनसे कहा था कि चार साल से चल रहा युद्ध एक हफ्ते में खत्म हो सकता था। ट्रंप ने कहा कि वह पुतिन से बेहद निराश हैं, क्योंकि यह जंग अनावश्यक रूप से लंबी खिंच रही है।
