पूर्वी जावा: इंडोनेशिया के पूर्वी जावा प्रांत के सिदोअर्जो शहर में अल खोजिनी इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की एक जर्जर इमारत गिरने से करीब 65 छात्र मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन सोमवार देर रात से जारी है और मंगलवार सुबह भी बचावकर्मी फंसे छात्रों को बाहर निकालने में जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। इस हादसे में अब तक एक छात्र की मौत हो गई है और कई घायल हुए हैं।
बचावकर्मी मलबे के नीचे फंसे छात्रों तक ऑक्सीजन और पानी पहुंचा रहे हैं ताकि उन्हें जीवित रखा जा सके। भारी कंक्रीट स्लैब और मलबे के कारण बचाव कार्य बेहद कठिन है। पुलिस और सैन्यकर्मी मिलकर घायल और फंसे छात्रों को निकालने में जुटे हैं।

हादसे के बाद छात्रों के परिवार अस्पतालों और स्कूल के पास जमा हैं और अपने बच्चों की सुरक्षित निकासी के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बोर्डिंग स्कूल के कमांड पोस्ट पर लगी सूची में अधिकांश छात्र 7वीं से 11वीं कक्षा के लड़के हैं, जिनकी उम्र 12 से 17 साल के बीच है। रेस्क्यू टीम की प्राथमिकता जीवित छात्रों को बचाना है, जबकि मलबे के नीचे कई शव भी देखे गए हैं।

