अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व (Federal Reserve) ने इस साल पहली बार ब्याज दर में कटौती करने का बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को फेड ने अपनी शॉर्ट टर्म ब्याज दर को 0.25 प्रतिशत प्वाइंट कम कर 4.3% से घटाकर लगभग 4.1% कर दिया। फेड ने पिछली बार दिसंबर 2024 में रेट कट किया था, और उसके बाद नौ महीने तक दरें स्थिर रही थीं।
फेड चेयर जेरोम पॉवेल ने कहा कि यह कदम मुख्य रूप से अमेरिकी जॉब मार्केट में कमजोरी और बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने इसे ‘रिस्क मैनेजमेंट कट’ बताया और स्पष्ट किया कि फेड को तेजी से रेट घटाने की जरूरत नहीं है।
फेड की डॉट प्लॉट रिपोर्ट के अनुसार 2025 में दो और कटौती की संभावना है, जबकि 2026 में केवल एक कटौती हो सकती है। हालांकि, पॉवेल ने कहा कि यह अनुमान निश्चित नहीं है और आगे की दरों में बदलाव आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
