नई दिल्ली: दिल्ली में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौत हो गई। यह हादसा रिंग रोड पर दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार BMW कार ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कार चला रहे दंपति को भी चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना दोपहर में मेट्रो पिलर नंबर 67 के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार एक महिला चला रही थी, जिसने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कार चला रही महिला और उसके पति ने नवजोत सिंह और उनकी पत्नी को टैक्सी से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वे उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने के बजाय 17 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर स्थित एक अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने नवजोत सिंह को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी का इलाज अभी भी चल रहा है।
हादसे में घायल हुए कार चालक दंपति गुरुग्राम के रहने वाले हैं और वे भी अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं और क्राइम टीम तथा फॉरेंसिक साइंस लैब की मदद से घटनास्थल की जाँच की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना के कारण इलाके में कुछ समय के लिए भारी जाम लग गया था।
