रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादित न्यूड पार्टी पोस्टर ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। इस पोस्टर में युवकों और युवतियों को शराब लेकर आने और अश्लील गतिविधियों में शामिल होने का खुला न्योता दिया गया था। मामला गंभीर होते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और अब इस कड़ी में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ये दोनों युवक अपनी सफाई देने एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे, जहां से उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर क्राइम ब्रांच को सौंप दिया। फिलहाल उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
वायरल पोस्टर इंस्टाग्राम अकाउंट @sinful_writer1 से साझा किया गया था। इसमें पार्टी का प्रचार ‘न्यूड पार्टी’ और ‘स्ट्रेंजर हाउस पार्टी’ नाम से किया गया। पोस्टर में पार्टी की तारीख 21 सितंबर बताई गई है, हालांकि स्थान और आयोजकों का नाम स्पष्ट नहीं है।
मामले पर कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि रायपुर जैसे सांस्कृतिक और शांत शहर में इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत संतों और परंपराओं की धरती है, यहां ऐसे आयोजन पूरी तरह अस्वीकार्य हैं। गृहमंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने भी चेतावनी दी कि इस तरह का आयोजन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
एसएसपी लाल उमेद सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि रायपुर पुलिस किसी भी हालत में इस प्रकार के आयोजनों की अनुमति नहीं देगी। अब जब दो युवक हिरासत में लिए गए हैं, तो पुलिस डिजिटल अकाउंट्स और वायरल पोस्टर से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें पुलिस की आगे की जांच पर टिकी हैं कि आखिर यह मामला वास्तविक पार्टी का है या केवल सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने की साजिश।
