भारतीय सशस्त्र बलों का 65 सदस्यीय दल आज रूस के निज़नी स्थित मुलिनो प्रशिक्षण मैदान में होने वाले बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास जापाड 2025 (ZAPAD 2025) में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। यह अभ्यास 10 से 16 सितंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
इस दल में भारतीय सेना के 57 जवान, भारतीय वायु सेना के 7 जवान और भारतीय नौसेना का 1 जवान शामिल हैं। भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व कुमाऊं रेजिमेंट की एक बटालियन कर रही है।
इस अभ्यास का उद्देश्य सैन्य सहयोग बढ़ाना, अंतर-संचालन में सुधार करना तथा पारंपरिक युद्ध और आतंकवाद-रोधी अभियानों में रणनीति और तकनीकों का आदान-प्रदान करना है। यह अभ्यास खुले और समतल भूभाग पर संयुक्त कंपनी स्तर के अभियानों पर केंद्रित रहेगा।
सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और विशेष शस्त्र कौशल जैसे अभियानों का अभ्यास करेंगे। इससे संयुक्त परिचालन क्षमताओं को निखारने, उभरती तकनीकों को एकीकृत करने और बहुराष्ट्रीय युद्ध वातावरण में संचालन की क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
अभ्यास जापाड 2025 में भागीदारी से भारत-रूस रक्षा सहयोग और आपसी विश्वास और गहरा होगा।
