टोक्यो: जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। जापान के सार्वजनिक प्रसारक NHK की रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला उन्होंने सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) में बढ़ते विभाजन को रोकने के उद्देश्य से लिया।
गौरतलब है कि जुलाई में हुए चुनाव में LDP के नेतृत्व वाले गठबंधन को उच्च सदन में बहुमत हासिल करने में असफलता मिली, जिसके बाद से सरकार की स्थिरता पर सवाल खड़े हो गए थे। इशिबा ने पिछले साल अक्टूबर में प्रधानमंत्री पद संभाला था, लेकिन चुनावी हार के बाद उन्हें पार्टी के भीतर विशेषकर दक्षिणपंथी गुटों से कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।
रविवार को लिया गया उनका यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पार्टी सोमवार को नए नेतृत्व के लिए आंतरिक चुनाव कराने पर वोट देने वाली थी। ऐसे में इशिबा का इस्तीफा इस स्थिति को टालने का प्रयास माना जा रहा है।
