नोएडा में एक डे-केयर सेंटर में 15 महीने की बच्ची के साथ कथित रूप से मारपीट और दांत से काटने का मामला सामने आया है। घटना थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसायटी के एक डे-केयर की है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, बच्ची की जांघों पर गोलाई में काटने के निशान पाए गए। डॉक्टर ने जांच के बाद चोट को ‘बाइट मार्क’ बताया। आरोप है कि डे-केयर में काम करने वाली मेड ने बच्ची को थप्पड़ मारा, जमीन पर पटक दिया, प्लास्टिक बेल्ट से पीटा और दांत से काटा।
घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, जिसमें मेड को बच्ची को जमीन पर पटकते और बच्ची के जोर-जोर से रोने की आवाजें सुनाई दीं। परिवार का आरोप है कि डे-केयर प्रमुख घटना के दौरान मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मेड और डे-केयर प्रमुख ने पीड़ित परिवार के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकी दी।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना सेक्टर-142 पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आरोपी मेड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
