नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश: नर्मदापुरम जिले की एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके दोस्त और उसके तीन अन्य साथियों ने बुधनी के पीलीकरार स्थित एक किराए के मकान में दुष्कर्म किया। पीड़िता ने अपनी मां के साथ शुक्रवार को बुधनी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता नर्मदापुरम की निवासी है और कटपीस की दुकान पर काम करती थी। यहीं उसकी मुलाकात बालाभेट निवासी करन कीर से हुई। करन ने किसी तरह पीड़िता का मोबाइल नंबर हासिल कर उससे लगातार फोन पर बात की और उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
पीड़िता ने बताया कि कटपीस की दुकान पर कम वेतन मिलने के कारण उसने काम छोड़ दिया था। यह बात जब आरोपी करन को पता चली, तो उसने 26 जून को पीड़िता को बुलाया और उसे अच्छी जगह नौकरी दिलाने का लालच दिया। नौकरी का झांसा देकर आरोपी करन पीड़िता को पीलीकरार स्थित अपने किराए के मकान में ले गया। वहां उसने पीड़िता को जबरदस्ती शराब पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने अपने तीन अन्य साथियों धर्मेंद्र कीर, प्रदीप कीर और प्रियांशु सराठे को भी बुलाया, जिन्होंने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपियों ने पीड़िता को नर्मदापुरम के एक चौराहे पर छोड़ दिया। पीड़िता ने घर जाकर अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद मां-बेटी ने शुक्रवार को बुधनी थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
