नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में गुरुवार रात दिल्ली पुलिस और कुख्यात अपराधी विनय उर्फ मोटा के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना 26 जून 2025 को रात करीब 10 बजे संजय गांधी एनिमल हॉस्पिटल के पीछे नाला रोड पर हुई।
पुलिस के अनुसार, विनय उर्फ मोटा एक मोटरसाइकिल पर जा रहा था, जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की। रुकने के इशारे पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें विनय के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
36 वर्षीय विनय उर्फ मोटा, सुल्तान गार्डन, नजफगढ़ का निवासी है, और उस पर डकैती, झपटमारी व लूटपाट जैसे कुल 56 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2021 में स्पेशल सेल के साथ मुठभेड़ में भी शामिल था।
