उदयनगर (धोबघट्टा): जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के धोबघट्टा गांव से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस सामूहिक आत्महत्या में पति-पत्नी और एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना रविवार देर रात की है। मृतकों की पहचान राधेश्याम पुत्र मदन, उनकी पत्नी रंगूबाई, और बेटी आशा के रूप में हुई है। जबकि दूसरी बेटी रेखा को गंभीर हालत में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
घटना की वजह पारिवारिक तनाव को बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, राधेश्याम का बेटा पप्पू एक युवती से प्रेम संबंध में था और हाल ही में घर छोड़कर कहीं चला गया था। युवती के परिजन बार-बार परिवार पर दबाव बना रहे थे, जिससे मानसिक तनाव में आकर राधेश्याम और उनकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। यह देख दोनों बेटियों ने भी आत्मघाती कदम उठाया।
पड़ोसियों की मदद से चारों को खुड़ेल के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां राधेश्याम और रंगूबाई को मृत घोषित किया गया। सोमवार सुबह बेटी आशा ने भी दम तोड़ दिया, जबकि रेखा की हालत अभी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। रेखा के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
