भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अनुसूचित विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार पर जानलेवा हमला हुआ है। यह हमला विदिशा जिले के गंजबासौदा में हुआ, जहां बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर तोड़फोड़ की और जानलेवा हमला किया।
प्रदीप अहिरवार ने बताया कि कुर्रवाई से गंजबासौदा होते हुए भोपाल लौटते समय उन पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि “40 से 50 बदमाशों ने तलवार, लाठी डंडों से हमला बोल दिया।” हमलावरों ने उनकी गाड़ी के कांच फोड़ दिए।
अहिरवार के अनुसार, हमलावरों ने पहले उनका नाम पूछा और फिर उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आशंका जताई कि “अगर गाड़ी रोक देता तो मेरी हत्या कर दी जाती।” उन्होंने यह भी बताया कि बदमाश “बंदूक, तलवार, लाठी डंडे लेकर आए थे।”
पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और आगे की जांच जारी है।
