भोपाल: राजधानी भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 74 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक को 35 वर्षीय महिला से प्यार हो गया। फिर महिला ने प्रेम जाल में फंसाकर उनकी संपत्ति हड़प ली। मामला भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र का है।
महिला ने पहले बुजुर्ग को शादी के नाम पर अपने जाल में फंसाया, फिर उनकी कार और बैंक में जमा राशि भी ले ली। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि महिला ने बुजुर्ग को घर से भी निकाल दिया।
इस घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने महिला और उसके साथी फरहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार महिला ने पहले रिटायर्ड शिक्षक से प्रेम जताया, फिर ब्लैकमेल कर शादी की। उसने बुजुर्ग के साथ अंतरंग तस्वीरें खींचीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर शादी के लिए मजबूर किया।
निकाह के समय 8 लाख रुपये मेहर की रकम तय हुई थी, जिसे महिला ने शादी के तुरंत बाद ले लिया। पीड़ित बुजुर्ग रफीक अहमद गुना के निवासी हैं। करीब दो साल पहले उनकी मुलाकात हसीना बी नामक महिला से हुई थी। रफीक की पत्नी नहीं थी और वे अकेले रहते थे।
महिला ने जान-पहचान बढ़ाई और उनकी संपत्ति को निशाना बना लिया। उसने धीरे-धीरे बुजुर्ग का विश्वास जीतकर उन्हें गुना से भोपाल ले आई। दोनों ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में साथ रहना शुरू किया और शादी कर ली।
शादी के बाद महिला ने बुजुर्ग की संपत्ति अपने नाम करवानी शुरू कर दी। सबसे पहले बुजुर्ग की कार अपने नाम कराई, फिर बैंक में जमा लगभग 25 लाख रुपये की राशि अपने पास रख ली। दो साल में महिला ने सारा बैंक बैलेंस खत्म कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला पहले से शादीशुदा थी, जबकि उसने खुद को अविवाहित बताया था। पुलिस को शक है कि महिला ने फरहान के साथ मिलकर बुजुर्ग की संपत्ति हड़पने की साजिश रची थी। अब पुलिस महिला और उसके साथी फरहान की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि महिला और उसके साथी ने बुजुर्ग की पूरी जिंदगी को अपनी शातिर साजिश का शिकार बना लिया।
