नेपाल के फेरीचे हेलिपैड पर बड़ा हादसा, दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराए; भारतीय नागरिक की मौत

नेपाल के सोलुखुंबु जिले में फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू की मौत हो गई, जबकि भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश किशन पटेल घायल हो गए।

नेपाल हेलीकॉप्टर हादसा
नेपाल हेलीकॉप्टर हादसा

नेपाल के सोलुखुंबु जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है, जहाँ फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की आपस में टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, यह हादसा फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टरों के बीच हुआ, जब वे हेलिपैड पर उतर रहे थे। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि दोनों हेलीकॉप्टरों के पंख आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद यह दुर्घटना घटी।

मृतकों और घायलों की पहचान

सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, खुम्बु पासांगल्हामु फेरीचे हेलीपैड पर हुई इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में घायल हुए व्यक्ति की पहचान भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में की गई है। इस दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, मृतक के शव को प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुक्ला लाया गया है, और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर से भेज दिया गया है।

अमेरिका के फ्लोरिडा में भी हुआ विमान हादसा

एक अन्य बड़ी विमान दुर्घटना अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में देखने को मिली है। यहाँ सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में एक बिजनेस जेट क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में हुई, जहाँ विमान के गिरते ही वह एक बड़े आग के गोले में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि यह हादसा पाम बीच में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रसिद्ध रिसॉर्ट ‘मार-ए-लागो’ से महज नौ मील (लगभग 14 किलोमीटर) की दूरी पर हुआ।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale