इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रहने वाले एक नवविवाहित दंपति, जो हनीमून मनाने मेघालय के शिलांग गए थे, अचानक लापता हो गए हैं। इस घटना से रघुवंशी परिवार में हड़कंप मच गया है, और उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी मदद की गुहार लगाई है।
इंदौर निवासी राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई को हुई थी। शादी के बाद वे 20 मई को घूमने के लिए मेघालय और अन्य स्थानों पर गए थे। उनके बड़े भाई सूरज रघुवंशी ने बताया कि 26 मई को दोपहर में उनकी परिजनों से बात हुई थी। दंपति ने बताया था कि वे मेघालय से शिलांग में हैं और उन्होंने होटल खाली करने के बाद नाश्ता किया है। इसके बाद अचानक उनका फोन बंद आने लगा और किसी तरह का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।

परिजन ने तत्काल इंदौर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया, जिसके बाद इंदौर पुलिस ने मेघालय पुलिस से संपर्क कर लापता दंपति को तलाशने के लिए अभियान की शुरुआत की है। बताया जा रहा है कि दंपति ने शिलांग में किराए पर एक एक्टिवा ली थी, जो अब एक पहाड़ी क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली है, जिसमें चाबी भी लगी हुई है। हालांकि, दंपति का कोई पता नहीं चल पाया है।
जानकारी लगते ही दंपति के दो परिजन शिलांग के लिए रवाना हो गए हैं और वे भी वहां उनकी तलाश कर रहे हैं। फिलहाल, इंदौर पुलिस और मेघालय पुलिस संपर्क में हैं और लापता हुए दंपति की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: चुपके से शादी के बंधन में बंधे खान सर, 6 जून को छात्रों के लिए रखेंगे विशेष भोज
