मुंबई के गिरगांव इलाके से साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक स्थानीय व्यापारी इंस्टाग्राम पर सेक्सटॉर्शन का शिकार हो गया। पीड़ित को इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात महिला के अकाउंट से आए ‘Hi’ मैसेज के जरिए संपर्क में लाया गया था। लगभग दो महीने तक चली नियमित बातचीत के बाद, व्यापारी को एक अन्य महिला के इंस्टाग्राम अकाउंट से जुड़ने के लिए कहा गया। शुरुआत में हिचकिचाने के बावजूद बार-बार दबाव बनाए जाने पर उसने उस नए अकाउंट पर बातचीत शुरू कर दी।
यह घटना उस समय भयावह रूप ले ली जब एक रात करीब 11 बजे ‘kanxi_maya’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से व्यापारी को वीडियो कॉल आई। कॉल रिसीव करते ही सामने मौजूद महिला नग्न अवस्था में थी और उसने नशे की हालत में मौजूद व्यापारी को भी अपने कपड़े उतारने के लिए उकसाया। इस दो मिनट की वीडियो कॉल के दौरान व्यापारी को बिना बताए उसकी आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग कर ली गई। इसके बाद 2 जून 2026 को जब पीड़ित अपनी दुकान पर था, तब उसे एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने वह न्यूड वीडियो डिलीट करने के बदले 3.5 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर पूरी तरह बदनाम करने की धमकी दी।
रंगदारी का दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने उस रिकॉर्डेड वीडियो की क्लिप और स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी व्यापारी के फोन पर भेजी, जिसके बाद लगातार टेक्स्ट मैसेज के जरिए पैसों के लिए धमकाया जाने लगा। बदनामी के डर से व्यापारी ने शुरुआत में पुलिस के पास न जाकर मामला खुद शांत होने का इंतजार किया, लेकिन जब ब्लैकमेलिंग और धमकियों का सिलसिला बंद नहीं हुआ, तो उसने हिम्मत जुटाकर वीपी रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस सुनियोजित सेक्सटॉर्शन रैकेट के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
