मुंबई: मीठी नदी सफाई घोटाले में अभिनेता डिनो मोरिया से मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने पूछताछ की है। डिनो मोरिया और उनके भाई सेंटिनो मोरिया पर आरोप है कि वे इस घोटाले के मुख्य आरोपी केतन कदम के संपर्क में थे और फोन पर उससे लगातार बात कर रहे थे।
घोटाले का विवरण
मुंबई के मीठी नदी की सफाई से जुड़े इस घोटाले में बीएमसी इंजीनियरों को विदेश यात्रा सहित कुल ₹65 करोड़ की रिश्वत देने का आरोप है। अब तक इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
EOW द्वारा दर्ज एफआईआर में बीएमसी के सहायक अभियंता प्रशांत रामगुडे, उपमुख्य अभियंता (पूर्व उपनगर) गणेश बेंद्रे, उपमुख्य अभियंता तायशेट्टे, और पांच ठेकेदार कंपनियों – एक्यूट डिजाइन्स, कैलाश कंस्ट्रक्शन, एनए कंस्ट्रक्शन, निखिल कंस्ट्रक्शन और जेआरएस इंफ्रास्ट्रक्चर के निदेशकों को आरोपी बनाया गया है। इन सभी ने मिलकर बीएमसी को कुल ₹65,54,13,311 (65 करोड़ 54 लाख 13 हजार 311 रुपये) का नुकसान पहुंचाया। कुल मिलाकर 13 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
