Apple ने अपने बड़े लॉन्च इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ नई Apple Watch Series 12, Apple Watch Ultra 4 और AirPods 5 पेश किए हैं। कंपनी ने इस बार वियरेबल्स और ऑडियो डिवाइस में हेल्थ मॉनिटरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर खास जोर दिया है। नए Apple Watch मॉडल में Health Sensing System दिया गया है, जबकि AirPods 5 में पहली बार open-ear डिजाइन के साथ Active Noise Cancellation यानी ANC का सपोर्ट मिला है। इन डिवाइसेज में Apple Intelligence से जुड़े नए फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
Apple Watch Series 12 में ज्यादा सटीक हेल्थ ट्रैकिंग
Apple Watch Series 12 को 42mm और 46mm केस साइज में उतारा गया है। ग्राहक इसे Aluminum और Titanium के अलावा नए Ceramic फिनिश में भी खरीद सकेंगे। Aluminum वेरिएंट में Ceramic Shield 2 का इस्तेमाल किया गया है।
Series 12 की सबसे बड़ी खासियत इसका नया Health Sensing System है। इसमें ऑप्टिकल और इलेक्ट्रिकल हार्ट सेंसर दिए गए हैं। Apple का कहना है कि यह अब तक की उसकी सबसे सटीक हार्ट-रेट सेंसिंग तकनीक है। घड़ी पूरे दिन हर पांच सेकंड में हार्ट रेट रिकॉर्ड कर सकती है। इसके अलावा Heart Rate Variability यानी HRV को पहले के मुकाबले 24 गुना ज्यादा फ्रीक्वेंसी पर मापने की क्षमता दी गई है।
Apple ने इस मॉडल में Readiness Score भी जोड़ा है। यह 0 से 10 के बीच स्कोर के जरिए यूजर को उसकी मौजूदा फिटनेस और रिकवरी की स्थिति समझने में मदद करता है। इसके लिए एक्टिविटी, ट्रेनिंग लोड, वाइटल्स और स्लीप स्कोर जैसे डेटा का इस्तेमाल किया जाता है। इसके आधार पर यूजर को Recover, Pace Yourself, Ready और Go For It जैसे सुझाव मिलते हैं।
बैटरी की बात करें तो सामान्य इस्तेमाल में Apple Watch Series 12 को 24 घंटे तक चलाने का दावा किया गया है। आउटडोर वर्कआउट के दौरान यह करीब 10 घंटे तक काम कर सकती है। कंपनी के मुताबिक महज 15 मिनट की चार्जिंग से अतिरिक्त 12 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिल सकती है। भारत में इसकी शुरुआती कीमत 56,900 रुपये रखी गई है।

Apple Watch Ultra 4 में लंबी बैटरी और बेहतर GPS
Apple Watch Ultra 4 को कंपनी ने ज्यादा मजबूत और rugged डिजाइन के साथ पेश किया है। इसमें भी S11 चिप और नया Health Sensing System दिया गया है। यह मॉडल भी हर पांच सेकंड में हार्ट रेट माप सकता है और HRV को पहले की तुलना में 24 गुना ज्यादा फ्रीक्वेंसी पर ट्रैक करता है।
Ultra 4 में भी 0 से 10 तक का Readiness Score मिलता है। बैटरी क्षमता के मामले में यह Series 12 से काफी आगे है। सामान्य इस्तेमाल में घड़ी 50 घंटे तक चल सकती है, जबकि Low Power Mode में बैटरी लाइफ 84 घंटे तक पहुंचने का दावा किया गया है। 15 मिनट की चार्जिंग से करीब 18 घंटे तक अतिरिक्त बैटरी मिलने की बात कही गई है।
वर्कआउट ट्रैकिंग के लिए भी Ultra 4 में कई विकल्प दिए गए हैं। Extended Workout Mode में 25 घंटे और Max Extended Workout Mode में 45 घंटे तक आउटडोर वर्कआउट ट्रैक करने की क्षमता बताई गई है। Apple के मुताबिक इसमें किसी स्पोर्ट्स वॉच में अब तक का सबसे सटीक ऑन-डिवाइस GPS दिया गया है।
Apple Watch Ultra 4 को Natural और Black Titanium फिनिश में पेश किया गया है। इसकी शुरुआती कीमत 1,09,900 रुपये है।

Apple Watch में AI के साथ नए ऑडियो फीचर्स
Apple Watch Series 12 और Ultra 4 में watchOS 27 के साथ Siri AI का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा Apple ने Audio Intelligence के तहत Sound Recognition, Live Rewind, Siri Recap और Shazam जैसे फीचर्स भी जोड़े हैं।
Live Rewind की मदद से बातचीत के पिछले 15 सेकंड को टेक्स्ट स्निपेट के तौर पर देखा जा सकता है। वहीं Siri Recap बातचीत का छोटा सार तैयार करने में सक्षम है। Apple ने इन AI आधारित फीचर्स के लिए प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए Secure Exclave तकनीक का इस्तेमाल किया है।
AirPods 5 में पहली बार Open-Ear डिजाइन के साथ ANC
Apple ने AirPods 5 को open-ear डिजाइन के साथ लॉन्च किया है और इस बार इसमें Active Noise Cancellation का सपोर्ट भी दिया गया है। कंपनी के अनुसार AirPods 5 बाहरी शोर को AirPods 4 with ANC की तुलना में 50 प्रतिशत तक ज्यादा कम कर सकता है।
ऑडियो अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें नया Multiport Acoustic Architecture और अगली पीढ़ी का Adaptive EQ दिया गया है। Transparency Mode को भी पहले की तुलना में ज्यादा नेचुरल बनाने का दावा किया गया है। इसके साथ Adaptive Audio और Conversation Awareness जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
AirPods 5 में Siri को बिना हाथ लगाए इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर सिर हिलाकर Siri के सवालों का Yes या No में जवाब भी दे सकता है। Apple Intelligence की मदद से Live Translation फीचर भी दिया गया है, जो अलग-अलग भाषाओं में होने वाली बातचीत को समझने में मदद करता है।
Wireless Charging Case वाले मॉडल में स्टेम पर स्वाइप करके वॉल्यूम को नियंत्रित किया जा सकता है। ANC के साथ AirPods 5 एक बार चार्ज करने पर पांच घंटे तक प्लेबैक दे सकता है, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल प्लेबैक टाइम 22 घंटे तक बताया गया है। Wireless Charging Case को Apple Watch चार्जर, Qi चार्जर और USB-C के जरिए चार्ज किया जा सकता है।

भारत में AirPods 5 की कीमत 14,900 रुपये से शुरू होती है, जबकि Wireless Charging Case वाले मॉडल की कीमत 17,900 रुपये रखी गई है। दोनों मॉडल की बिक्री 18 सितंबर से शुरू होगी।
