पचमढ़ी: मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में 17 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक स्थानीय जिप्सी चालक और होटल में काम करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 की दोपहर छात्रा अपने एक स्कूल फ्रेंड से मिलने पचमढ़ी बस स्टैंड पहुंची थी। इसी दौरान दोनों की मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई। उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों छात्रा और उसके दोस्त को घूमाने की बात कहकर दक्षिण स्काउट गाइड के पास जंगल की ओर ले गए।
पुलिस के अनुसार, जंगल पहुंचने के बाद आरोपियों ने छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया और छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घर लौटने के बाद छात्रा काफी डर गई और उसने स्कूल जाना बंद कर दिया। जब उसकी बड़ी बहन ने उससे इसकी वजह पूछी तो उसने घटना के बारे में बताया। इसके बाद रविवार रात परिवार के लोग पचमढ़ी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह ने छात्रा के बयान दर्ज किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने बताया कि छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
घटना में एक स्थानीय जिप्सी चालक की कथित संलिप्तता ने पचमढ़ी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
