सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले एक कार्गो जहाज को हाईजैक कर लिया है। इस जहाज पर तुर्की के हथियार और अन्य सैन्य उपकरण लदे हुए थे। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस जहाज के क्रू मेंबर्स में 6 भारतीय नागरिक भी सवार थे, जिनके बारे में अब तक कोई सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। सोमालिया के एक अधिकारी ने गुरुवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समुद्री लुटेरे जहाज को अगवा करने के बाद इलाके के नुगाल तट की ओर ले गए हैं।
एजेंसी के अनुसार, पोलर मूवमेंट शिपिंग कंपनी के M/V LUTUF नामक इस जहाज को सोमवार को पुंटलैंड के एइल जिले में मर्राया से लगभग 3½ नॉटिकल मील दूर अगवा किया गया था। अधिकारी ने संवेदनशील जानकारी होने के कारण नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस जहाज में मोगादिशू स्थित तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए हथियार, कम्युनिकेशंस और सैटेलाइट उपकरण ले जाए जा रहे थे। इस जहाज पर कुल 10 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें छह भारतीय नागरिकों के अलावा एक तुर्की नागरिक, एक जॉर्जियाई और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल हैं।
इस पूरी घटना को आठ समुद्री लुटेरों के एक समूह ने अंजाम दिया है। माना जा रहा है कि यह वही लुटेरों का गिरोह है जिसने बीते 26 अप्रैल को M/V Sward नामक जहाज को हाईजैक किया था। उस दौरान वे जहाज को पुंटलैंड के डंगोरोयो जिले में गरमाल के पास तट की ओर ले गए थे। हालांकि, इस ताज़ा घटनाक्रम और भारतीयों की सुरक्षा को लेकर तुर्की के अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना के बाद के घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि बाद में तुर्की के मालिकाना हक वाले दो जहाज हाईजैक किए गए M/V LUTUF के पास पहुंचे, जबकि तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन लगातार उस पूरे इलाके की निगरानी कर रहे थे। मंगलवार को दो लोगों वाली एक छोटी नाव इस हाईजैक किए गए जहाज के पास आई और उसने वहां ‘खत’ (khat) पहुंचाया, जो सोमालिया में चबाया जाने वाला एक आम नशीला पदार्थ है। जब वह छोटी नाव वापस तट की ओर लौट रही थी, तब उस पर एक एयरस्ट्राइक हुई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। हालांकि, यह एयरस्ट्राइक किसने की, किन परिस्थितियों में हुई और क्या मारे गए लोग हाईजैकिंग में शामिल थे, इन तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल हाईजैक किए गए जहाज की सटीक स्थिति और 6 भारतीयों समेत सभी क्रू मेंबर्स कहां और किस हाल में हैं, इस पर कोई ताजा जानकारी नहीं मिल पाई है।
