लखीसराय: सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के अशोक धाम मंदिर के पास भगदड़ मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हुई है। मरने वालों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं। हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीसरी सोमवारी पर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए करीब 50 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। सुबह पूजा के दौरान बिजली का एक खंभा गिर गया। इसके बाद वहां करंट फैलने की अफवाह फैल गई और श्रद्धालु बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए।
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के मुताबिक, श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। हॉल्ट पर दो ट्रेनें भी रुकी थीं। अचानक बिजली का एक खंभा गिरा और यह अफवाह फैल गई कि लोगों पर बिजली का लाइव तार गिर गया है। हालांकि, डीएम ने बताया कि वह केबल वायर था।
खंभा पुरुषों की कतार की ओर गिरा था। इसके बाद बाईं तरफ महिलाओं की लाइन पर दबाव बढ़ गया और महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगीं। डीएम ने बताया कि पूरी घटना करीब दो मिनट में हुई।
उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन की टीम सुबह 3 बजे से मौके पर थी। एंबुलेंस भी पहले से तैनात थीं। संकरी गली को देखते हुए टोटो एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई थी।
डीएम के अनुसार, सुबह करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच दो ट्रेनों के रुकने से भीड़ और बढ़ गई। इसी दौरान एक तरफ खेत की ओर से भी लोग आगे बढ़ने लगे। इससे बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे। इसके बाद भगदड़ की स्थिति बन गई।
प्रशासन की टीम मौके पर रेस्क्यू अभियान चला रही है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
