मुंबई: मुंबई के विक्रोली पश्चिम स्थित राहुल नगर इलाके में गुरुवार तड़के तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू से किए गए हमले में 40 वर्षीय सुनील विश्वकर्मा और उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा की मौत हो गई, जबकि सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटे बेटे विवान विश्वकर्मा घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना गुरुवार तड़के विक्रोली पश्चिम के राहुल नगर इलाके में हुई। विश्वकर्मा परिवार के चार सगे भाई एक ही घर में रहते थे, जिनमें से दो भाई घर के ऊपर बने हिस्से में रहते थे। बताया जा रहा है कि तड़के सुनील विश्वकर्मा ने घर में तेज आवाज में गाने चलाए थे। इसी बात को लेकर उनके भाइयों सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा ने सुनील विश्वकर्मा और उनके परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस के मुताबिक, पहले पीड़ितों के साथ मारपीट की गई और बाद में उन पर चाकू से कई वार किए गए।
हमले में गंभीर रूप से घायल सुनील विश्वकर्मा और उनके 14 वर्षीय बेटे श्लोक विश्वकर्मा को तुरंत राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, सुनील की पत्नी अंजू विश्वकर्मा और छोटे बेटे विवान विश्वकर्मा भी हमले में घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र विश्वकर्मा और सूरज विश्वकर्मा को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस तरह शुरू हुआ, हमला किन परिस्थितियों में हुआ और क्या इस घटना के पीछे पहले से कोई पारिवारिक तनाव था या फिर यह अचानक भड़की हिंसा का परिणाम था।
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस चाकू, खून के नमूनों, कपड़ों और अन्य भौतिक साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
