Greater Noida Fire Tragedy: ईकोटेक-3 की चिप कंपनी में भीषण आग, दीवार और बीम गिरने से 2 दमकलकर्मी शहीद; 3 घायल

Greater Noida Ecotech-3 Fire Accident: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित ‘ILGIM’ इलेक्ट्रॉनिक चिप कंपनी में आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोहे का बीम और दीवार ढहने से दो दमकलकर्मी शहीद हो गए, जबकि तीन घायल हैं।

ग्रेटर नोएडा फैक्ट्री में भीषण आग
ग्रेटर नोएडा फैक्ट्री में भीषण आग

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली कंपनी में सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन आग बुझाने के कार्य के दौरान कंपनी की एक दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया। इस हादसे की चपेट में आने से दो दमकलकर्मियों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य दमकलकर्मी घायल हो गए हैं।

यह घटना ईकोटेक-3 स्थित ‘ILGIM’ कंपनी में हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। आग पर नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन उसी दौरान कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में फायर सर्विस के पांच कर्मचारी आ गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान दो जवान शहीद

हादसे की चपेट में आए पांचों दमकलकर्मियों—मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव—को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल हुए तीन अन्य दमकलकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर तैनात

घटना के बाद पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार आग पूरी तरह बुझा ली गई है और मामले में आगे की कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। ईकोटेक-3 मुख्य रूप से एक औद्योगिक क्षेत्र है, जहां इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और ऑटो कंपोनेंट्स से जुड़ी कई बड़ी फैक्ट्रियां संचालित होती हैं।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले बीते महीने भी नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र स्थित सेक्टर-88 की एक प्राइवेट कंपनी में रात के समय आग लगी थी। हालांकि, उस समय कंपनी में कर्मचारियों के न होने से कोई जनहानि नहीं हुई थी और दमकल विभाग ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale