छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण सभी नदी-नाले उफान पर हैं। इस दौरान जिले से तीन दिनों के भीतर डूबने की तीसरी दुखद घटना सामने आई है। गनियारी में शिवनाथ नदी के भीतर दो बच्चों की डूबने से हुई मौत के बाद अब अमलेश्वर थाना क्षेत्र में खारून नदी में नहाने उतरे एक युवक की बह जाने से जान चली गई है।
मृतक की पहचान रायपुर के देवपुरी कमल विहार निवासी 22 वर्षीय टोमेश ध्रुव, पिता चुन्नूलाल ध्रुव के रूप में की गई है। टोमेश रविवार को अपने 11 दोस्तों के साथ अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव में स्थित खारून नदी के किनारे पिकनिक मनाने के लिए पहुंचा था। शाम के वक्त जब सभी दोस्त नदी में नहाने के लिए उतरे, उसी दौरान टोमेश पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी के गहरे पानी में बह गया।
घटना के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और उसके साथियों ने फौरन इसकी जानकारी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम को दी। सूचना पाते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक की तलाश की।
लगातार कई घंटों तक चले खोजबीन अभियान के बाद सोमवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग जिले में बीते तीन दिनों के भीतर ही नदी में डूबने से यह तीसरी मौत दर्ज की गई है। लगातार हो रहे इन दर्दनाक हादसों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनती हुई नदियों और जलाशयों में जाने से बचें तथा बरसात के इस मौसम में अपनी सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतें।
