Tata Motors आज अपनी बहुप्रतीक्षित Tata Sierra.EV को बिल्कुल नए इलेक्ट्रिक अवतार में पेश करने जा रही है। लंबे समय से इस SUV का इंतजार कर रहे ऑटो लवर्स के लिए आज इसका इंतजार खत्म होने वाला है। कंपनी की यह इलेक्ट्रिक SUV पुराने दौर की पहचान और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन मेल पेश करेगी।
Tata Sierra.EV का डिजाइन इसके रेगुलर इंजन (ICE) मॉडल से अलग होगा। इसके फ्रंट में क्लोज्ड-ऑफ ग्रिल दी गई है, जो इसके इलेक्ट्रिक मॉडल होने की पहचान है। इसके साथ कनेक्टेड LED DRLs दिए गए हैं, जो कार को प्रीमियम लुक देते हैं। साइड प्रोफाइल में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है, हालांकि यहां ‘EV’ बैजिंग देखने को मिलेगी। वहीं, पीछे की तरफ कनेक्टेड टेल लैंप्स दिए गए हैं, जो इसके डिजाइन को और आकर्षक बनाते हैं।
इंटीरियर में Tata की अन्य इलेक्ट्रिक कारों की तरह ग्रे और ब्लैक कलर का कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट होगी, जिसमें ड्राइवर के लिए इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, बीच में बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग स्क्रीन दी जाएगी। इसके अलावा Dolby Atmos साउंड सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, मेमोरी फंक्शन के साथ पावर्ड सीट्स और एयर प्यूरीफायर जैसे प्रीमियम फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है।
परफॉर्मेंस के मामले में Tata Sierra.EV में डुअल-मोटर सेटअप दिया जाएगा। कंपनी ने एक वीडियो के जरिए पुष्टि की है कि यह SUV 500Nm का पीक टॉर्क जनरेट करेगी। इसकी कुल पावर लगभग 300Hp के आसपास हो सकती है।
बैटरी विकल्पों की बात करें तो Sierra.EV में 65kWh और 75kWh के दो बैटरी पैक विकल्प मिल सकते हैं। अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर ड्राइविंग के लिए इसमें कई ड्राइव मोड्स और टेरेन मोड्स भी दिए जाएंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, Tata Sierra.EV एक बार फुल चार्ज होने पर 600 किलोमीटर से अधिक की क्लेम्ड रेंज दे सकती है। साथ ही, इसका वास्तविक सड़क पर मिलने वाला माइलेज हैरियर ईवी से भी बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
सुरक्षा के लिहाज से भी इस इलेक्ट्रिक SUV में 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसे 5-स्टार क्रैश टेस्ट रेटिंग मिलने की भी संभावना जताई जा रही है।
कीमत की बात करें तो एक्सपर्ट्स के अनुसार Tata Sierra.EV की शुरुआती कीमत 17.50 लाख रुपये से शुरू हो सकती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में यह SUV नेक्सॉन ईवी और हैरियर ईवी के बीच अपनी जगह बनाएगी।
