अगर आप भी iPhone 18 Pro सीरीज के लॉन्च होने का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए अपनी जेब थोड़ी और ढीली करने का समय आ गया है। Apple के CEO टिम कुक के हालिया बयानों और बाजार के एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस साल आने वाले iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकता है।
कीमतें बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को माना जा रहा है। आज के समय में दुनिया भर के डेटा सेंटर्स और AI इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर मेमोरी और स्टोरेज चिप्स का इस्तेमाल हो रहा है। इस भारी मांग की वजह से स्मार्टफोन में लगने वाली चिप्स पिछले तीन तिमाहियों में 4 गुना तक महंगी हो चुकी हैं। टिम कुक ने खुद माना है कि कंपनी अब इस बढ़ी हुई लागत का बोझ खुद नहीं उठा सकती, इसलिए कीमतों में बढ़ोतरी होना अब बिल्कुल तय है। एक तरफ जहां मेमोरी के दाम 4 गुना बढ़ गए हैं, वहीं दूसरी तरफ रुपये की कमजोरी ने स्मार्टफोन ब्रांड्स पर दबाव और ज्यादा बढ़ा दिया है।
इस बढ़ी लागत का सीधा असर भारतीय बाजार पर भी पड़ेगा। भारत में जहां iPhone 17 Pro ₹1,34,900 की शुरुआती कीमत पर आया था, वहीं अब आने वाला iPhone 18 Pro इस आंकड़े को आसानी से पार कर जाएगा। इसी तरह, iPhone 18 Pro Max की कीमत भी ₹1,49,900 के पुराने आंकड़े से काफी ऊपर निकल जाएगी।
ऐपल का यह मेगा इवेंट हर साल की तरह इस साल भी सितंबर 2026 के पहले या दूसरे हफ्ते में आयोजित होने की उम्मीद है। इसी इवेंट में दुनिया के सामने आईफोन 18 सीरीज की आधिकारिक कीमतों और इसके सभी फीचर्स का खुलासा किया जाएगा।
